पंजाब की नाभा जेल से भागे आतंकियों के हरिद्वार से होकर गुजरने की आशंका को देखते हुए जिले के अलग अलग प्वाइंट से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ली गई है। अब एसओजी टीम उन सीसीटीवी फुटेज को देख रही है कि आतंकी यहां से किस तरफ गए होंगे। अलग अलग मोबाइल फोन टॉवरों से उठाए गए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली के कुछ मोबाइल फोन नंबर भी खंगाले जा रहे हैं। शुक्रवार को एसओजी दिनभर पथरी क्षेत्र के सिख बाहुल्य गांवों में खोजबीन में जुटी रही।
मंगलौर के मोहम्मदपुर झाल से बैग से पंजाब पुलिस की वर्दियां मिलने से हरिद्वार से नाभा जेल से भागे आतंकियों का लिंक जुड़ गया है। हालांकि, अभी तक पूरे मामले की तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। जेल ब्रेक कांड के मुख्य आरोपी पिंदा के यूपी के शामली से दबोचे जाने के बाद हरिद्वार की तरफ आने की आशंका बलवती हो गई है। पंजाब पुलिस की तरफ से एक कार को लेकर दिए गए इनपुट के बाद नारसन, भगवानपुर एवं शहर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है। ये फुटेज पंजाब पुलिस को भी उपलब्ध करा दी गई है। हालांकि, फुटेज में चौपहिया वाहनों की संख्या बेहिसाब है इसलिए पंजाब एवं हरिद्वार एसओजी फुटेज खंगाल रही है। कुछ मोबाइल फोन नंबर भी सेल साइड से उठाए गए हैं। उन पर भी एसओजी कार्य कर रही है।