श्यामपुर। बुधवार देर रात गाजीवाली गांव में एक कार के अंदर जहरीला कॉमन करैत सांप घुस गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उसने घंटों की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सांप कार के बोनट के हिस्से में छिप गया था। सांप दिखाई देने पर परिवार के लोग डर गए, उन्होंने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। रेंजर महेश शर्मा ने बताया कि वन टीम की ओर से सांप को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया।
-
अहमदपुर ग्रांट में मकान से निकला जहरीला सांप
बहादराबाद। थाना क्षेत्र के अहमदपुर ग्रांट गांव में बृहस्पतिवार दोपहर को विजय सैनी के मकान से एक जहरीला सांप निकल आया। सांप को देखकर घर के लोग घबरा गए। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग और सांप पकड़ने वाली टीम को दी। कुछ देर बाद टीम पहुंची और सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। वन चौकी प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि सांप लगभग आठ फीट और धामन प्रजाति का था।