मंगलौर के चर्चित जेबा हत्याकांड में मृतका की बहन इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है। विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी लेकिन एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी मुख्य आरोपी पति का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस आरोपी के घर की कुर्की की कार्रवाई भी कर चुकी है इसके बावजूद वह गिरफ्त से बाहर है।
मंगलौर क्षेत्र की नबी कॉलोनी निवासी जेबा की चार अगस्त 2025 को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। मामले में मृतका की बहन ने उसके पति समीर राजा समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी पति फरार चल रहा है। पुलिस ने उसकी तलाश में कई प्रयास किए लेकिन अब तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
मृतका की बहन तरन्नूम खान के मुताबिक मामले में कार्रवाई की उम्मीद लेकर वह लगातार पुलिस और अधिकारियों के चक्कर काट रही है। आरोपी के घर पर ताला लटका हुआ है। लंबे समय से उसका कोई पता नहीं चलने के कारण उसके विदेश भाग जाने की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता।
आरोपी के विदेश जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जेबा की मौत के दो दिन बाद गंगनहर किनारे से उसकी स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद हुए थे। इस घटनाक्रम के बाद मामला और भी गंभीर हो गया था। परिजनों को उम्मीद थी कि पुलिस जांच के बाद जल्द ही आरोपियों तक पहुंच जाएगी और मामले का खुलासा होगा लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतका के परिवार की न्याय की उम्मीद लगातार कमजोर पड़ रही है।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी कर चुकी है। इसके बावजूद समीर राजा का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में टीमें काम कर रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।