हरिद्वार में फूड वेंडर के छापेमारी करते राज्य कर विभाग के अधिकारी ।
- फोटो : HARIDWAR
हरिद्वार। राज्य कर विभाग हरिद्वार संभाग की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एसआईबी) ने हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र 13 फूड वेंडरों व रेस्टोरेंट में छापेमारी की। फूड वेंडरों और रेस्टोरेंट संचालकों की ओर से रिर्टन दाखिल नहीं करने व बिक्री छिपाए जाने की सूचना पर 13 टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। इससे फूड वेंडरों में हड़कंप मचा रहा। विभागीय टीमों ने रेस्टोरेंट और फूड वेंडरों के दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इसमें लाखों रुपये की टैक्स चोरी की आशंका है।
ज्वाइंट कमिश्नर सुनीता पांडेय के निर्देशन पर छापेमारी की गई। ज्वाइंट कमिश्नर के मुताबिक राज्य कर विभाग को सूचना मिली थी कि ऑनलाइन आर्डर बुक करने वाले कई रेस्टोरेंट और फूड वेंडर टैक्स की चोरी कर रहे हैं। इनमें स्विगी और जोमैटो जैसे वेंडर भी शामिल हैं। कई वेंडरों की ओर से रिटर्न भी फाइल नहीं हो रही है। जो रिटर्न फाइल कर रहे हैं वह भी वास्तविक बिक्री छिपा रहे हैं।
ज्वाइंट कमिश्नर सुनीता पांडेय ने बताया कि वेंडर की जांच पड़ताल के लिए 13 टीमें गठित की गई। इनमें छह टीमों ने हरिद्वार और सात टीमों ने रुड़की क्षेत्र के फूड वेंडरों और रेस्टोरेंट में छापामारी की। टीमों ने ऑनलाइन और काउंटर सेल से संबंधित दस्तावेज जब्त कर पूछताछ की। दस्तावेजों की जांच चल रही है। प्रथम दृष्टया लाखों की गड़बड़ी सामने आई है। इसमें फूड वेंडरों और रेस्टोरेंट संचालकों ने वास्तविक बिक्री काफी कम दर्शाई है।
ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि जब्त दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा रहा है। इसके बाद ही वास्तविक टैक्स चोरी सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कई अन्य संस्थानों में भी टैक्स चोरी की शिकायत मिल रही हैं। विभागीय टीमें गोपनीय जांच कर रही हैं। जांच में टैक्स चोरी की पुष्टि होने पर छापेमारी की जाएगी। इस दौरान असिस्टेंट कमिश्नर नेहा मिश्रा भी शामिल रहीं।