देहरादून की तरह अब हरिद्वार में भी हुक्का बार का कल्चर आ गया है। कम उम्र के युवक-युवतियां इस हुक्का बार में हुक्का गुड़गुड़ाते-छल्ले उड़ाते दिख रहे है। यही नहीं कई दूसरे तरह के नशे भी हुक्का बार में उपलब्ध होने की बात सामने आ रही है।
भेल से सटे शिवालिक नगर के एक कांपलेक्स में हुक्का बार खोला गया है। शाम होते ही यहां युवा वर्ग का जमावड़ा लगता है। वयस्क ही नहीं बल्कि नाबालिग भी हुक्का बार के रोज के ग्राहक हैं। एक हुक्का की कीमत तीन सौ रुपये है और कई फ्लेवर में हुक्का उपलब्ध है। हुक्का बार में लाइटिंग बेहद ही कम रखी गई है, ताकि आसपास बैठा शख्स भी एक दूसरे की शक्ल न देख पाए। पार्टी करने के लिए भी विशेष व्यवस्था है। अवैध तौर से चल रहे इस हुक्का बार के संबंध में स्थानीय पुलिस बेखबर है। हरिद्वार में कई माह से चल रहे हुक्का बार के बारे में सिस्टम को अता पता ही नहीं है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि इस तरह की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है तो तुरंत हुक्का बार बंद कराया जाएगा।