हरिद्वार। अर्द्धकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। बुधवार को शहर के बड़े निजी अस्पताल प्रबंधकों के साथ बैठक कर निर्देश जारी किए गए कि मेले के दौरान निजी अस्पतालों के दस फीसदी बेड श्रद्धालु मरीजों के लिए उपलब्ध रहेंगे। दस प्रमुख स्नानों पर निजी अस्पतालों के डाक्टर मेले के लिए बनाए गए अस्थायी अस्पतालों में तीन दिन सेवाएं देंगे। मेट्रो अस्पताल (सिडकुल) हृदय रोग विशेषज्ञ उपलब्ध कराएगा। साथ ही अपनी एंबुलेंस भी मेला क्षेत्र में रखेगा।
बुधवार को मेला अस्पताल में अर्द्धकुंभ कार्यालय में मेला स्वास्थ्य अधिकारी डा. बीएस जगपांगी ने भेल, मेट्रो, मैक्स, सिटी, भूमानंद, मिशन आदि शहर के प्रमुख अस्पतालों के संचालक एवं प्रबंधकों की बैठक ली। डा. जगपांगी ने सभी से मेले के दौरान विशेष सहयोग करने की अपील की। मेला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मेला अवधि के दौरान निजी अस्पताल अपने दस प्रतिशत बेड श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित रखेंगे। उन्होंने बताया अर्द्धकुंभ मेले के दस विशेष स्नान होंगे। इनमें एक दिन पहले, स्नान के दिन और एक दिन बाद तक निजी अस्पतालों के डाक्टर मेले के लिए तैयार अस्थायी अस्पतालों में सेवाएं देंगे। प्रदेश में हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं होने के चलते मेट्रो अस्पताल हृदय रोग विशेषज्ञ उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा इनकी हृदय रोग विशेष एंबुलेंस मेले में मौजूद रहेगी। मेट्रो प्रबंधक से दिल्ली से अतिरिक्त हृदय रोग विशेषज्ञ बुलाने को भी कहा। मेला स्वास्थ्य अधिकारी डा. बीएस जगपांगी ने बताया कि शहर के अन्य निजी अस्पतालों से भी सहयोग करने के लिए पत्र भेजा जा रहा है।