अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज से वार्ता करते कुंभ मेला आईजी संज
- फोटो : HARIDWAR
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज और कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल के बीच कुंभ के आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था आदि को लेकर चर्चा हुई। श्रीमहंत नरेंद्र गिरी ने कहा कि कुंभ में बनाए जाने वाले सेक्टरों के नाम अखाड़ों के नाम से रखे जाने और प्रत्येक अखाड़े के नाम से एक-एक गंगा घाट अलॉट करते हुए उनके ईष्टदेव के नाम से बनाया जाने की बात हुई है। सभी मामलों को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी।
मंगलवार को महाकुंभ मेले के आयोजन को लेकर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज और कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल ने निरंजनी अखाड़े में विशेष चर्चा की। तय हुआ कि मेला नियम समयावधि 2021 में ही होगा। महाकुंभ मेले के शाही स्नान के स्वरूप को लेकर व कुंभ मेले के आयोजन के विकल्प तलाशने को लेकर चर्चा हुई। अखाड़ों की सुरक्षा व्यवस्था व कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए घाटों की क्षमताओं का आकलन भी किए जाने को लेकर वार्ता हुई। आईजी संजय गुंज्याल ने अखाड़ों की सुरक्षा और स्नान की व्यवस्था कराने को लेकर आश्वासन दिया। श्रीमहंत नरेंद्र गिरी ने कहा कि शाही स्नान में अखाड़ों के प्रमुख संत-महंत ही स्नान करेंगे। उन्होंने कहा कि अखाड़ों के नामों से घाट अलॉट करने और ईष्टदेव के नाम से रखने की बात रखी गई। श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने बताया कि मुख्यमंत्री से मिलने का समय नियत हो गया था, लेकिन मंगलवार को बारिश के चलते मुलाकात नहीं हो सकी। इस दौरान कुंभ मेला एसएसपी जन्मेजय खंडूड़ी, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, सीओ सिटी पूर्णिमा गर्ग, सीओ सुनीता वर्मा, महंत अंबिका पुरी व नगर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।
कोरोना काल को लेकर नए विकल्पों के साथ अखाड़ों की सुरक्षा, जरूरतों और नई व्यवस्थाओं को लेकर अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष से विस्तृत बात हुई है। आगे भी यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई है।
-संजय गुंज्याल, आईजी कुंभ मेला