हरिद्वार। न्याय विभाग में कार्यरत कर्मचारी कोरियर कंपनी का नंबर गूगल पर सर्च करने के चक्कर में साइबर ठगों के जाल में फंस गए। जालसाजों ने उनके खाते से 4900 की ऑनलाइन ठगी कर दी। शिकायत पर साइबर क्राइम सेल ने रकम होल्ड करा दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जमील अहमद पुत्र महमूद हसन निवासी कोर्ट कैंपस रोशनाबाद न्याय विभाग में कार्यरत हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि एक कोरियर ट्रैक ऑन कोरियर सर्विस से 29 जून को कराया गया था। कोरियर प्राप्त न होने पर गूगल पर ट्रैक ऑन कंपनी को सर्च कर डॉकेट नंबर डाल दिया। उन्हें एक नंबर पर बात करने के लिए कहा गया। जहां से बताया गया कि कोरियर होल्ड पर है। इसके लिए पांच रुपये देने होंगे। एक नंबर भेजकर पांच रुपये उस पर डलवा लिए।
आरोप है कि फोन पर बात करने पर 10 मिनट रुकने की बात कहते हुए कोरियर की हिस्ट्री चेक करने की बात कही। कुछ देर बाद फोन कटा और जमील अहमद के मोबाइल फोन पर 4900 की रकम कटने का मैसेज आया। तब उन्हें धोखाधड़ी का शिकार होने का पता चला। साइबर क्राइम सेल में शिकयात दर्ज कराई, जिसके बाद रकम होल्ड हो गई। थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।