किसान और एक कंपनी के बीच की विवादित जमीन का एसडीएम पूरण सिंह राणा ने मौका मुआयना किया। सोमवार की देर शाम कलक्ट्रेट में किसान की ओर से शुरू किए गए धरने को डीएम ने स्थगित कर एसडीएम को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए थे।
रुहालकी किशनपुर निवासी राजेश कुमार ने सोमवार को रोशनाबाद स्थित कलक्ट्रेट भवन में अपने बच्चों और रिश्तेदारों के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया था। किसान का आरोप है कि जमीन का विवाद राजस्व परिषद देहरादून में चल रहा है। बावजूद इसके एक कंपनी की ओर से विवादित जमीन पर बैनामे किए जा रहे हैं। जबकि एसडीएम ने जमीन की खरीद फरोख्त पर रोक लगाई हुई है। इसका जिक्र जमीन के दस्तावेजों में भी है। लेकिन फिर भी कंपनी फर्जी ढंग से बैनामे कर रही है।
सोमवार शाम को जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसान की बातों को सुनकर कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना स्थगित करा दिया। मंगलवार को एसडीएम पूरण सिंह राणा ने विवादित जमीन का मौका मुआयना किया।