निर्मल अखाड़े में पत्रकारों से वार्ता करते संत ।
- फोटो : HARIDWAR
वन विभाग के कर्मचारी निर्मल अखाड़े से लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्राली ले गए। विभाग की इस कार्रवाई का श्री निर्मल पंचायती अखाड़ा के संतों ने विरोध किया है। अखाड़े के कोठारी महंत जसविंदर सिंह महाराज ने आरोप लगाया कि अवैध वसूली का विरोध करने पर वन कर्मी जबरन ट्रैक्टर ले गए और सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को एक्कड़ कलां स्थित निर्मल अखाड़े के सेवादार कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर अखाड़े के बाग से सूखी लकड़ियां ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर ला रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे वन विभाग के कुछ कर्मचारियों ने सेवादारों पर पेड़ काटने का आरोप लगाते हुए रोक लिया। आरोप है कि कहासुनी के बीच सेवादार लकडियां लेकर अखाड़े में आ गए। कुछ देर बाद आए वन विभाग के कर्मचारी जबरन ट्रैक्टर-ट्राली को अपने साथ ले गए। महंत जसविंदर सिंह महाराज ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने गुंडागर्दी दिखाते हुए अखाड़े में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अखाड़े के सेवादारों के साथ घटना का पूरा वीडियो अखाड़े के पास है। वन विभाग के आला अधिकारियों को मामले को तत्काल संज्ञान म़ें लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। इस मौके पर महामंडलेश्वर प्रबोधानंद गिरी महाराज, महंत अमनदीप सिंह महाराज, बजरंग दल के जिला सहसंयोजक जिवेंद्र तोमर आदि मौजूद रहे।
एकड़ रोड पर एक आश्रम के पास आम की लकड़ियों भरी एक ट्रॉली होने की सूचना मिली थी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की जांच के बाद ही यह पता चल पाएगा कि यह आम के पेड़ कहां से काट कर लाए गए थे।
- दिनेश नौडियाल, रेंजर हरिद्वार वन प्रभाग हरिद्वार।