बहादराबाद/ श्यामपुर। सोमवार की रात को दो अलग-अलग हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। दो लोग रुड़की से बहादराबाद लौट रहे थे, जिन्हें ओवरटेक करने पर बस ने टक्कर मार दी तो दूसरी ओर श्यामपुर थानाक्षेत्र में नजीबाबाद हाईवे को क्रास करने पर सामान से भरे ट्रक की चपेट में दो बाइक सवार आ गए। दोनों युवक आपस में साढू भाई थे और एक ही बाइक से ससुराल से लौट रहे थे।
पहला हादसा बहादराबाद के पास बौंगला गांव के पास हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर आर्य इंटर कालेज के सामने हुआ। रुड़की से बाइक से आ रहे दो लोग आगे चल रही रोडवेज बस को ओवरटेक करने लगे, लेकिन सामने से एक अन्य वाहन आ गया। इतने में वह संभल पाते पीछे से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गए। दोनों लोगों की मौके पर मौत हो गई। थानाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने बताया कि एक मृतक का नाम पप्पन उर्फ प्रीतम (40) पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी बौंगला और देवेंद्र (50) पुत्र स्वरूप निवासी शेरकोट बिजनौर है। जो प्रीतम का किरायेदार बताया जा रहा है। बस सहारनपुर डिपो की है, चालक फरार हो गया है।
दूसरा हादसा नजीबाबाद हाईवे पर हुआ। जानकारी के अनुसार इब्राहिम उर्फ पप्पू पुत्र मुन्नू और मोहम्मद अली उर्फ बछवा पुत्र माही निवासी गुर्जर बस्ती गैंडीखाता अपनी ससुराल सजनपुर पीली से लौट रहे थे। दोनों की शादी हाल में ही जुम्मन की लड़कियों से हुई थी। जिस समय वह बाहरपीली के सामने से बस्ती की तरफ मुड़ने वाले थे कि अचानक से सामान से भरे ट्रक की चपेट में बाइक आ गई। दोनों युवकों ने मौके पर दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे श्यामपुर थानाध्यक्ष महेश्वर दत्त पुर्वाल ने बताया कि दोनों युवकों की शिनाख्त हो जाने पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं ट्रक को छोड़कर चालक भागने में कामयाब रहा, जबकि ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं एक ही गांव के और सगी बहनों को ब्याहे युवकों की मौत हो जाने से दो गांवों में कोहराम मच गया। जिसे भी हादसे की सूचना मिली वह मौके पहुंच गया।
----------------------
चोर को लेकर पहुंची दिल्ली पुलिस
हरिद्वार। दिल्ली पुलिस की एक टीम ने चोरी के मोबाइल फोन बरामद करने को लेकर यहां पहुंची। बाजारी चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि नार्थ दिल्ली के बसंतकुंज थाने के एसआई मुन्ना कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम यहां पहुंची थी। पुलिस की हिरासत में चोर दीपांकुर त्यागी ने बताया था कि पीएनबी, पांवधोई के पास उसे एक युवक मिला था जिसे उसने मोबाइल फोन एवं लेपटॉप बेचा था। दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ युवक को काफी तलाशा लेकिन उसका कुछ अता पता नहीं चल सका। फिर दिल्ली पुलिस वापस लौट गई।