- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर बैंक खाते से करीब 4.89 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित का दावा है कि उसने न तो किसी को ओटीपी बताया और न ही क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद अलग-अलग कंपनियों के नाम पर कई बार ट्रांजेक्शन कर रकम निकाल ली गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हजारी बाग, कनखल निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पास आरबीएल बैंक का 25 हजार रुपये की लिमिट वाला क्रेडिट कार्ड है। उन्होंने कभी इस कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया और कार्ड उनके घर पर ही रखा हुआ था। आरोप है कि 31 अक्तूबर को उनके व्हाट्सएप पर आरबीएल बैंक का क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने संबंधी मैसेज आया। इसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से बिना उनकी अनुमति और ओटीपी साझा किए कई ट्रांजेक्शन हो गए।
अमेजन पे, मोबिक्विक, रिलायंस रिटेल, स्विगी इंस्टामार्ट और फेसबुक विज्ञापन के नाम पर अलग-अलग रकम निकाली गई। शिकायत में कुल 4,89,903.12 रुपये की धोखाधड़ी होने की बात कही गई है। घटना का पता चलने पर उन्होंने 31 अक्तूबर को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, बैंक की ओर से भी अनधिकृत ट्रांजेक्शन के संबंध में शिकायत का संदर्भ नंबर दिया गया। मामला साइबर सेल से ट्रांसफर होकर कनखल कोतवाली पहुंचा। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।