परिचालक और पुलिस का सिपाही भिड़ा
- फोटो : अमर उजाला
हरिद्वार। हरिद्वार से देहरादून जा रही जेएनएनयूआरएम की बस में टिकट न लेने को लेेकर पुलिस के सिपाही और चालक-परिचालक में कहासुनी हो गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने अन्य सिपाहियों को भी मौके पर बुलाकर चालक-परिचालक के साथ मारपीट की । जिस पर रोडवेज कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। बाद में दोनों में समझौता हो गया।
सोमवार को जेएनएनआरयूएम हरिद्वार डिपो की बस देहरादून के लिए रवाना हुई। बस अड्डे से खानपुर थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी गजेंद्र तोमर देहरादून जाने के लिए बस में चढ़ा। बताया जाता है कि परिचालक ने जब उनसे टिकट के पैसे मांगे तो सिपाही गजेंद्र तोमर ने टिकट लेने से मना कर दिया। इस पर सिपाही व परिचालक के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी होते देख बस में सवार लोगों ने बीच बचाव कराया। जिसके बाद चालक व परिचालक सिपाही को साथ लेकर देवपुरा चौक के पास बस को खड़ी कर बस अड्डे पर अपने अधिकारी से बात कराने के लिए वापस आ गए। सिपाही ने इस दौरान अपने अन्य साथियों को भी अड्डे पर बुला लिया। पुलिस ने चालक-परिचालक व वरिष्ठ लिपिक रमेश के साथ अभद्रता की। सवारियों के आपत्ति जताने पर अधिकारियों ने चालक और परिचालक को बस ले जाने को कहा। वे बस लेकर चले ही थे कि कुछ अन्य पुलिस कर्मियों ने रोड़ीबेलवाला चौकी पर बस को फिर रुकवा लिया और चालक व परिचालक को पकड़कर कोतवाली ले आए। इसकी सूचना मिलते ही अन्य चालक व परिचालक ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही जेएनएनआरयूएम के एजीएम आलोक बनवाल भी मौके पर पहुंच गए। वहीं सिपाही गजेंद्र तोमर ने कोतवाली में तहरीर देकर चालक भोला सिंह व परिचालक पदम सिंह पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। तहरीर देते हुए सिपाही ने परिचालक पर धक्का देकर बस से बाहर करने का भी आरोप लगाया। काफी देर तक आरोप -प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
-------------------
यात्रियों की हुई फजीहत
सिपाही व चालक परिचालक के बीच हुए विवाद में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर की गर्मी में यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। रोडवेज और पुलिस के अधिकारियों को इस बात का पता होने के बाद भी बस खड़ा रखा गया। कई यात्रियों ने इस बात पर नाराजगी भी जताई।
----------
भाजपाइयों ने जताया विरोध
चालक व परिचालक के साथ हुई मारपीट की सचूना मिलते ही कई भाजपाई भी मौके पर पहुंच गए उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। भाजपा के महामंत्री विदित शर्मा का कहना है कि अक्सर इस तरह की घटना सामान्य हो गई है। एसएसपी ने मुलाकात कर इस प्रकरण को संज्ञान में लाया जाएगा।