हरिद्वार। धोखाधड़ी और कूट रचित दस्तावेजों से दो ट्रैक्टरों के लिए ऋण लेने के आरोप में फरार इनामी पवन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 1500 रुपये का इनाम घोषित था। उसके दो साथी पहले जेल जा चुके हैं।
महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंस लिमिटेड हरिद्वार ने कोतवाली नगर में 2008 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शुभम कुमार निवासी बिरालसी मुजफ्फरनगर, मुनेश कुमार निवासी मिर्जापुर थाना खानपुर हरिद्वार, कुलदीप निवासी खेड़ी कला थाना खानपुर, गफ्फार निवासी अहबाब नगर ज्वालापुर, धनवीर सिंह मिर्जापुर थाना खानपुर, कमान सिंह थापा भेल हरिद्वार, सूरज चौधरी विष्णु लोक कॉलोनी भेल हरिद्वार और पवन सिंह मिर्जापुर थाना खानपुर हरिद्वार ने फर्जी दस्तावेजों से दो ट्रैक्टर ऋण पर लिए थे। नगर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी में फरार चल रहे आरोपी पवन सिंह निवासी मिर्जापुर थाना खानपुर हरिद्वार ऋषिकुल चौक से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया गया है। दो आरोपी कुलदीप और मुनेश को बीते दस अगस्त को बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया था। बताया कि आरोपी पवन पर 1500 रुपए का इनाम घोषित कर दिया गया था। फरार आरोपियों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।