हरिद्वार। सहकारिता के दूसरे चरण के चुनाव के लिए 139 प्राथमिक सहकारी समितियाें में महिलाओं का अनंतिम 33 प्रतिशत आरक्षण जारी कर दिया गया है। इस पर 25 मार्च तक आपत्तियां दर्ज कराईं जा सकती हैं।
सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण की ओर से किए गए आदेशों पर जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा की ओर से प्राथमिक सहकारी समितियों में सभापति पद के लिए महिलाओं का 33 प्रतिशत अनंतिम आरक्षण जारी किया गया है। इनमें 56 कृषि उत्पादन एवं विपणन सहकारी समिति, 38 मत्स्य सहकारी समिति, 14 आवास सहकारी समिति, सात वेतन भोगी सहकारी समिति, 12 श्रम संविदा सहकारी समिति, दो बुनकर सहकारी समिति और तीन जनपद में अन्य प्रारंभिक समितियां हैं। समितियों में महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए महिला आरक्षण पर 25 मार्च तक जिला सहायक निबंधन कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। जिन पर 27 मार्च को जिला सहायक निबंध मोनिका चुनरो की ओर से सुनवाई की जाएगी। इसके बाद समितियों में महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। इसके आधार पर महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देेते हुए चुनाव कराया जाएगा।
इनका चुनाव कराने के लिए छह अप्रैल को घोषणा की जाएगी। 15 अप्रैल को उन समितियों में सामान्य निकाय का चुनाव होगा, जिनमें पांच सौ से अधिक सदस्य है, 24 अप्रैल को पांच सौ से कम सदस्यों वाली समितियों के प्रबंध कमेटी के सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा। 25 अप्रैल को सभापति, उप सभापति और अन्य संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव होगा।