हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र महिला को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और धमकी देने के मामले में पुलिस ने अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि पड़ोसी घर की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अंजू रानी निवासी महेंद्र विहार राजा गार्डन, जगजीतपुर कनखल ने शिकायत में आरोप लगाया कि 28 फरवरी की रात पड़ोसी विनेश कुमार उनियाल ने नशे में उनके घर के बाहर पहुंचकर उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। विरोध करने पर विनेश ने गाली-गलौज की। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप लगाया कि उसकी पत्नी बीना उनियाल भी आए दिन उनके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच करती है।
बताया कि उनके पति वर्तमान में देहरादून जिले में कार्यरत हैं। 15 से 20 दिन के अंतराल में ही घर आ पाते हैं। घर में वह अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं, जिससे वह डरे हुए हैं। आरोप है कि विनेश ने अपने मकान की तीसरी मंजिल पर सीसीटीवी कैमरा लगाकर रुख उनके घर की तरफ कर रखा है। इससे उनके परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। मामले की सूचना चौकी जगजीतपुर और कनखल पुलिस को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।