- रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद पर रिश्तेदारों ने पति-पत्नी को पीट दिया। आरोप है कि सरिये और डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सीमा देवी निवासी टिबड़ी कॉलोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके परिवार के लोगों में जमीन के संबंध में कोर्ट में वाद चल रहा था जिसका फैसला बीते 17 मार्च को उनके पक्ष में आया। इसके बाद से ही दूसरा पक्ष उन्हें लगातार परेशान कर रहा है। आरोप है कि पांच अप्रैल को सुबह उनके जेठ मान सिंह, देवर हरपाल सिंह, नेपाल सिंह और जेठ का पुत्र प्रकाश शराब के नशे में उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर उन पर और उनके पति सेवा राम पर सरिये व डंडों से हमला कर दिया। हमले में सेवा राम गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर सभी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि अगले दिन छह अप्रैल को भी इन लोगों ने उनके बेटे मोहित के साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। अंजाम भुगतने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।