हरिद्वार कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में व्यापारी की हत्यारोपी ।
- फोटो : HARIDWAR
हत्यारोपी कमल ठाकुर को विपिन की अंगुठियां सोने की होने का अहसास था। सोने के लालच में ही उसने दोस्त की हत्या और लूट की योजना बनाई। जब वह सुनार के पास अंगुठियां बेचने गया तो पता चला कि वह पीतल की थी। अब आरोपी को अपने दोस्त की हत्या करने का पछतावा है। यह बात उसने पुलिस की पूछताछ में बताई।
नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोस्त की उंगलियों में अंगुठियों को देखकर उसके मन में लालच आ गया था। उसके मन में था अंगुठियां सोने की है, जिनकी बाजार में बहुत ज्यादा कीमत है। वह उन अंगुठियों को बेचकर अपने खर्चे पूरे करना चाहता था। यदि उसे पहले से मालूम होता कि उसके दोस्त की अंगुठियां सोने की न होकर किसी अन्य धातु की है तो वह किसी भी हालत में उसकी हत्या न करता। उसने कबूला कि विपिन की हत्या के बाद उसके फोन को फेंकने के बजाए उसने किसी को बेचना बेहतर समझा। इसलिए उसने हत्या के बाद विपिन का फोन भी अपने पास रख लिया। इस फोन को बाद में उसने विष्णु लोक कॉलोनी के एक युवक को 600 रुपये में बेच दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फोन को भी बरामद कर लिया। हालांकि बरामद किया गया फोन खराब निकला।