हरिद्वार। कोर्ट की पार्किंग में कार्यरत कर्मचारी की मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कर्मचारी के भाई ने चैंबर में बंधक बनाकर मारपीट व दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
सिडकुल थाना प्रभारी लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में शिकायत देते हुए बताया कि उनका भाई कोर्ट पार्किंग में कार्य करता था। आरोप है कि आन्नेकी निवासी अधिवक्ता सेवाराम आजाद ने उनके भाई को चैंबर में बंधक बनाकर मारपीट की और दुष्कर्म किया था। तबीयत बिगड़ने पर पीड़ित को जिला अस्पताल ले गए। ज्यादा खून बहने से उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया। एम्स में ले जाते हुए रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक कर्मचारी के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर अधिवक्ता सेवाराम आजाद ने आरोप निराधार बताए हैं। उनका कहना है कि उन पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। वह कोर्ट में पूरे साक्ष्य पेश करेंगे। थाना प्रभारी लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के बाद अधिवक्ता सेवाराम आजाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।