फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रानीपुर पुलिस के हत्थे चढ़े तीन नटवरलाल

Fri, 29 Jul 2016 12:18 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला हरिद्वार
विज्ञापन
विज्ञापन
हरिद्वार। रानीपुर पुलिस के हत्थे एक ऐसे गैंग के तीन शातिर सदस्य चढ़े हैं, जो बैंक शाखाओं से लोगों के भारी भरकम रकम के चेक हासिल कर उसमें कांट छांट कर भुना लेते थे। गैंग के कब्जे से 18 एटीएम कार्ड, चेकबुक, बैंकों की पासबुक, दो सर्जिकल ब्लेड, दो लाख की रकम, दो दोपहिया वाहन, पहचान पत्र व पेनकार्ड बरामद हुए हैं। हालांकि, फरार चल रहे गैंग के दो सदस्यों की धरपकड़ के प्रयास चल रहे हैं।
विज्ञापन

भेल के बैरियर नंबर छह के पास मेट्रो एयर कंडीशनर एंड चिलर्स सर्विस फर्म के स्वामी सुशील कुमार ने शिवालिक नगर स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स शाखा के प्रबंधन के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि उसकी फर्म के नाम जारी चेक को साजिश के तहत गायब कर 81 हजार की रकम हड़प ली गई।
घटना की जांच में जुटी स्थानीय पुलिस को पता चला था कि ड्राप बॉक्स में डाले गए चेक को कुछ युवक अपना बताकर ले गए थे। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर स्थानीय पुलिस युवकों की धरपकड़ में जुटी थी। बुधवार की शाम एसएसआई प्रदीप बिष्ट ने बसपा कार्यालय तिराहे के पास सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो दोपहिया वाहन पर जा रहे तीन युवक हिरासत में ले लिए, जबकि दो साथी फरार होने में कामयाब रहे।
विज्ञापन

कोतवाली लाकर ली गई तलाशी में युवकों के कब्जे से दो लाख की रकम, 18 एटीएम कार्ड, नौ फर्जी पेनकार्ड, दो चेक एवं बैंक एकाउंट पासबुक, छह अलग- अलग पहचान पत्र व सर्जिकल ब्लेड बरामद हुए। युवकों ने कबूला कि बैंक शाखा से 81 हजार का चेक वे ही ले गए थे और चेक में सर्जिकल ब्लेड से छेड़छाड़ कर उसे गोल्डी बवेजा के नाम से जारी करना दर्शाकर अपने खाते में रकम ट्रांसफर करा ली थी। एसएसआई के अनुसार आरोपियों के नाम अमित चौहान पुत्र मदन गोपाल निवासी गांव सैदपुर नगीना बिजनौर, सोनू पाल पुत्र सुभाष निवासी मोहल्ला उत्तरी चमारियान पुरकाजी मुजफ्फरनगर, मुकेश पुत्र राजेंद्र निवासी प्रेमनगर देहरादून हैं। जबकि फरार साथियों के नाम नितिन चौहान पुत्र कृष्ण चौहान निवासी शक्तिनगर धामपुर बिजनौर एवं आसिफ पुत्र इलियास निवासी जट नंगला नगीना देहात बिजनौर हैं। उनकी धरपकड़ के प्रयास चल रहे हैं।

एमबीए पास है गैंग का सरगना अमित
हरिद्वार। गैंग का सरगना एमबीए पासआउट अमित चौहान है और ठगी के नए अंदाज की उपज सोनू की है। दरअसल, पेशे से टैटू बनाने वाले सोनू को यह आइडिया दिल्ली में मिले एक जोनी नाम के आदमी ने दिए था। चूंकि, सोनू देहरादून ऋषिकेश में रहता था, तभी उसकी पहचान अमित से हुई थी। फिर इन्होंने ठगी के इस अनोखे धंधे को अंजाम देने के लिए पूरी टीम बना ली।

यह है ठगी का नया तरीका
हरिद्वार। ये बेहद शातिराना ढंग से ठगी की वारदात को अंजाम देते थे और अब तक एक भी बार पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके थे। ये बैंक शाखाओं में सक्रिय रहते थे और इनकी निगाह केवल ड्राप बॉक्स में डाले गए भारी भरकम रकम के चेक पर होती थी। ये बैंक प्रबंधन से कोई न कोई बहाना बनाकर चेक ले लेते थे। यदि चेक कंप्यूटराज्इड होता था तो ये सर्जिकल ब्लेड से उसे मिटा देते थे। फिर चेक को अपने एकाउंट में भुना लेते थे। यदि चेक मैनुअल है, तब उस नाम की फर्जी आईडी तैयार कर उसे अपने एकाउंट में जमा कराकर भुगतान ले लेते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें