विभिन्न संगठनों ने बुधवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनपीआर) को समाप्त करने के लिए तहसील में धरना प्रदर्शन किया। जगजीतपुर, ज्वालापुर क्षेत्रों में रैली भी निकाली गई।
बहुजन क्रांति मोर्चा, बहुजन मुक्ति पार्टी, राष्ट्रीय मूल निवासी महिला संघ, राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा, राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा, अत्यंत पिछड़ी जाति जागृति मोर्चा, चमार वाल्मीकि महासंघ के पदाधिकारी बुधवार को सीएए और एनपीआर को लेकर साथ आ गए।
भान पाल सिंह रवि की अगुवाई में हुए प्रदर्शन के दौरान बहुजन क्रांति मोर्चा के प्रदेश संयोजक भंवर सिंह ने कहा कि देश में विकास नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। युवाओं को रोजगार तक नहीं मिल पा रहा। ऐसे में जनता को परेशान करने के लिए सीएए और एनपीए लागू कर दिया गया है।
उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से 17 सूत्रीय मांगपत्र राष्ट्रपति को भेजा। ओबीसी की जाति आधारित गिनती किए जाने, ठेकेदारी प्रथा से सफाई कर्मियों की सरकारी नौकरी समाप्त न किए जाने, अल्पसंख्यकों पर अन्याय, अत्याचार खत्म किए जाने की भी मांग उठाई। इस मौके पर बहुजन मुक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय, ललिता रानी, सुरेंद्र पास्टर, राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा के जिलाध्यक्ष नसीर अहमद, मोहम्मद इमरान, अजय चौधरी, नरेश कुमार प्रधान, रविंद्र कुमार, पुरुषोत्तम, राहुल चौधरी, श्यामसुंदर, आदित्य, राजेंद्र कुमार, सुमनलता, संदीप आदि मौजूद रहे।