हरिद्वार। रेलवे की ओर से ईद के मद्देनजर एक्कड़ रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे फाटक की प्रस्तावित मरम्मत की तिथि में बदलाव कर दिया है। पहले 21 मार्च को मरम्मत के लिए फाटक बंद रखा जाना था, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के अनुरोध पर अब इसे 23 मार्च कर दिया गया।
रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता सेक्शन की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, 23 मार्च को सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक फाटक संख्या 13/सी बंद रहेगा। इस दौरान हरिद्वार आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। बताया कि हरिद्वार से एक्कड़-पथरी की ओर जाने वाले एवं वहां से हरिद्वार आने वाले वाहन रेलवे फाटक संख्या 14/स्पेशल जमालपुर होकर आवागमन कर सकेंगे। वहीं, हल्के वाहन रेलवे अंडरपास 12 (पथरी-इक्कड़ मार्ग) से गुजर सकेंगे।