बहादराबाद। औद्योगिक क्षेत्र बहादराबाद में नवनिर्मित फायर स्टेशन भवन का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने किया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर फायर स्टेशन परिसर का निरीक्षण भी किया। एसएसपी ने स्टाफ को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ करें। उन्होंने आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ आमजन की सहायता के लिए हर समय तैयार रहने पर विशेष जोर दिया। एसएसपी ने बताया कि नए फायर स्टेशन के शुरू होने से मायापुर और सिडकुल स्थित फायर स्टेशनों पर दबाव कम होगा। साथ ही बहादराबाद क्षेत्र में आग लगने जैसी आपात स्थितियों में लोगों को त्वरित राहत मिल सकेगी। इस दौरान एसपी क्राइम ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।