अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान बिशनपुर कुंडी में खनन करने वालों ने पुलिस पर पथराव किया। जिसमें एक पुलिसकर्मी के पैर में चोट आई है। पुलिस ने लाठियां फटकार कर खनन करने वालों को खदेड़ा।
पुलिस ने शाहपुर के निकट बाणगंगा में खनन करते हुए एक जेसीबी पकड़ी है। पुलिस की सख्ती से खनन करने वालों में अफरातफरी मची हुई है। क्षेत्र में बिशनपुर कुंडी, रानीमाजरा, पुरानी कुंडी, शाहपुर, टिकौला, नसीरपुरकलां, धारीवाला आदि स्थानों पर रात में चोरी छिपे खनन किया जाता है। दो दिन पहले इसकी जानकारी मिलने पर एसएसपी राजीव स्वरूप ने सीओ लक्सर अव्वल सिंह रावत और थानाध्यक्ष अजय जाटव को खनन के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिस पर रविवार व सोमवार की रात में पुलिस ने इन स्थानों पर खनन की रोकथाम के लिए अभियान चलाया। बताया जाता है कि रविवार की रात में बिशनपुर कुंडी में खनन करने वालों ने पुलिस पर पथराव किया।
तब पुलिस ने लाठियां फटकार कर उन्हें वहां से खदेड़ा। जब मंगलवार को दिन में पुलिस गांव में पहुंची तो कई लोग पुलिस के डर से घरों से फरार मिले। पुलिस खनन व पथराव करने वालों को चिह्नित करने में लगी है। फेरूपुर चौकी प्रभारी लखपत सिंह बुटोला का कहना है कि जेसीबी को सीज कर दिया गया है। सीओ लक्सर अव्वल सिंह रावत व थानाध्यक्ष अजय जाटव का कहना है कि खनन करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।