रुड़की। त्योहार सीजन से पहले खाद्य विभाग ने भगवानपुर क्षेत्र में मिलावट की आशंका पर एक पनीर निर्माण इकाई पर छापा मारा। डिप्टी कमिश्नर आरएस रावत के नेतृत्व में करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में फैक्टरी परिसर पर छापा मारा गया। इस दौरान विभाग ने पनीर और दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। हालांकि अभी किसी तरह की मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
त्योहारों पर अक्सर पनीर, दूध और मावे में मिलावट की शिकायतें सामने आती रही है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ जाता है। इसी के चलते विभाग ने नियमित चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। शनिवार रात करीब सात बजे भगवानपुर के नन्हेड़ा स्थित इकाई पर छापा मारा गया। टीम में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य अधिकारी योगेंद्र पांडे और पवन कुमार शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान फैक्टरी संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और शुद्ध व ताजा पनीर बेचने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्टॉक व बिक्री की जानकारी भी जुटाई गई। टीम को कुछ गड़बड़ी की आशंका हुई, जिसके चलते पनीर और दूध के नमूने जांच के लिए सील कर भेजे गए। वरिष्ठ खाद्य अधिकारी योगेंद्र पांडे ने बताया कि नन्हेड़ा गांव में पनीर बनाने की इकाई पर यह कार्रवाई की गई। अभी किसी तरह की मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। मौके से लिए गए सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।