रुड़की। रामपुर चुंगी पर कार ठीक कराने आए आरिफ नामक युवक के साथ शुक्रवार को मारपीट और वाहन चोरी की घटना सामने आई। घटना में आरोप है कि रामपुर गांव निवासी कलियर विधायक फुरकान अहमद के बेटे सलमान ने अन्य तीन साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई की। इसके बाद आरोपियों ने युवक की कार भी छीन ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं विधायक ने मामला लेनदेन से जुड़ा बताया है।
पश्चिम अंबर तालाब निवासी आरिफ कादरी ने गंगनहर कोतवाली में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह ठेकेदारी का काम करते हैं और शुक्रवार को अपनी कार की मरम्मत के लिए रामपुर चुंगी आए थे। इसी बीच विधायक का बेटा सलमान आ गया। उसने आते ही गाली गलौज करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई की। यही नहीं उसे पीटते हुए जबरन अपने घर ले गया। आरोप है कि यहां पर पहले से चार लोग खड़े थे। जिन्होंने उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद उससे कार छीन ली और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उधर, इस मामले में विधायक फुरकान अहमद ने बताया कि मामला पिटाई का नहीं है बल्कि लेनदेन का है। पुलिस जांच में सभी तथ्य जल्द ही साफ हो जाएंगे।