हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले में बैरागी कैंप कनखल क्षेत्र की बस्तियों को संयास रोड से जोड़ने वाले अस्थायी पुल मेला प्रशासन द्वारा हटाए जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में बस्तीवासी सड़क पर उतर आए। उत्तराखंड विकास मंच के अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ओर बस्तीवासियों ने पुल को हटाए जाने का विरोध किया। उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर बैरागी कैंप के साथ साथ भीमगोडा पुल केा भी स्थायी रुप देने की मांग की।
कनखल में पहाड़ी बाजार के पास आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संजय चोपड़ा ने कहा कि अर्द्धकुंभ मेले में पुलों के निर्माण के लिए तत्कालीन सरकार द्वारा भारी बजट जारी किया गया था। बार बार यह मांग उठाई जाती रही है कि सभी पुलों को स्थायी किया जाए।
बैरागी कैंप में हजारों लोग बस्तियों में रहते हैं। लेकिन यह मांग अभी तक अधूरी है। अस्थायी पुल से लोगों को भारी राहत मिलती है लेकिन पुल हटा देने से उन्हें कई किलोमीटर का चक्कर काटकर उन्हें शहर तक आना पडे़गा। दूसरी ओर मंच के जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि गंगा पार इलाकों में रह रहे लोगों के लिए स्थायी पुल ही समस्या का निदान है। उन्होंने भी पुल को स्थायी करने की मांग की। जिला महामंत्री विवेक त्यागी, श्याम देवी, दिव्यांश पंवार, राजेंद्रपाल, मंजूदेवी, अनीता, अनारकली, रेखा, पार्वती, संतोषी, प्रमोद, सीताराम, महेंद्र सैनी, बॉबी जायसवाल ने भी संबोधित किया।