हरिद्वार। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को कनखल स्थित एचईसी पीजी कालेज में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा में छात्र-छात्राओं को ने खूब उत्साह दिखाया। परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं की आंखों में भविष्य के सपनों को साकार करने की ललक और जुनून साफ दिख रहा था। कई अभिभावक भी बच्चों को परीक्षा केंद्र पर छोड़ने पहुंचे। सभी ने अमर उजाला की पहल को सराहा।
कक्षा नौ-दस और ग्यारह -बारह के दो अलग-अलग दो वर्गों में हुई अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा निर्धारित समय पर एचईसी पीजी कॉलेज में सुबह दस बजे प्रारंभ हुई। अलग-अलग कक्षों में बच्चों को बैठाने की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। समय से पहले ही छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र पर पहुंचने शुरू हो गए थे। कालेज के निदेशक संदीप चौधरी, अमित चौधरी और प्राचार्य नवनीत वर्मा समेत सभी शिक्षकों और सहकर्मियों ने साढ़े ग्यारह बजे तक चली परीक्षा को संपन्न कराने सहयोग किया। इस दौरान बच्चों को जहां भी परीक्षा देने में दिक्कत आई उनका मार्गदर्शन किया गया।