हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते प्र?
- फोटो : HARIDWAR
हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से पहले जनता मिलन कार्यक्रम में कोई अवैध निर्माण की समस्या लेकर पहुंचा तो कोई पैसे जमा करने के बावजूद फ्लैट नहीं मिलने की पीड़ा सुना रहा था। किसी ने मानकों के अनुसार कॉलोनी नहीं कटी होने की समस्या बताई। एचआरडीए उपाध्यक्ष ने हर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। हालांकि अधिकारियों को जनता दरबार में विकास कार्यों के प्रस्ताव आने की उम्मीद थी, जो पूरी न हो सकी।
सोमवार को पहले जनता मिलन कार्यक्रम में फरियादी कई शिकायतें लेकर पहुंचे। मुरादाबाद निवासी तुषार जैन ने शिकायत दर्ज कराई कि रुड़की के पास एक निर्माणाधीन सोसायटी में कई साल पहले उन्होंने करीब आठ लाख रुपये जमा करके अपना फ्लैट बुक कराया था। आज तक वहां फ्लैट का निर्माण ही नहीं हुआ। वहीं बैंक से जो लोन लिया था उस पर ब्याज बढ़ते-बढ़ते करीब सत्तर लाख रुपये पहुंच गया है। उन्होंने प्राधिकरण उपाध्यक्ष से अपना रजिस्ट्रेशन समाप्त कराकर जमा कराई गई धनराशि ब्याज सहित वापस कराने और बैंक का बकाया भुगतान कराने की अपील की। इसी तरह गुुुबख्श विहार कालोनी कनखल से आए लोगों ने बताया कि उनकी कॉलोनी में प्लाट बेचते समय बिल्डर ने 45 मीटर चौड़ी सड़क होने का दावा किया था। अभी भी उनके कालोनी की सड़क 45 मीटर की है, लेकिन अब बिल्डर ने अपना एक प्रबंधक वहां तैनात कर दिया है जो आधी सड़क को अपनी बताकर वहां कब्जा करने में जुटा हुआ है। अरिहंत विहार कनखल से आए कॉलोनी वासियों ने शिकायत की है कि कई लोगों ने अपने घरों के सामने सड़क पर कब्जा कर या तो कार पार्किंग बना ली है या फिर गार्डन बना लिए हैं। इससे कालोनी की सड़कें काफी संकरी हो गई हैं। उन्होंने सड़कों को चौड़ी कराने की मांग की। विष्णु गार्डन से आए कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि यहां स्थित सरकारी जमीन पर कब्जा करके लोगों ने डेरी और अन्य दुकानें खोल ली हैं, जिससे काफी दिक्कतें हो रही हैं। टिहरी विस्थापित कॉलोनी क्षेत्र की सभासद ने कालोनी में एक व्यक्ति द्वारा अपने मकान की छत पर अनाधिकृत से मोबाइल टावर लगाने की शिकायत की और उसे हटवाने का आग्रह किया। प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने इस बारे में समुचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्राधिकरण के वित्ताधिकारी तंजीम अली, अधिशासी अभियंता आरके शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उपाध्यक्ष दीपक रावत ने कहा कि जनता दरबार में लोग विकास कार्यों के प्रस्ताव लेकर भी पहुंचे, प्राधिकरण के क्षेत्र में आने वाले विकास कार्य कराए जाएंगे।