पतंजलि योगपीठ की असम के तेजपुर में पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क की नई यूनिट ने बुधवार को उत्पादन शुरू कर दिया है। वैदिक यज्ञ के साथ पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने इसका शुभारंभ किया।
करीब 200 एकड़ भूमि में फैले इस विश्व स्तरीय प्रसंस्करण यूनिट में सबसे पहले फूड हर्बल और हर्बल कास्मेटिक उत्पादों का उत्पादन शुरू किया गया। इस अवसर पर आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि अभी दंतकांति, एलोविरा आदि कुछ उत्पादों से इसका शुभारंभ हो चुका है। आगे उत्पादन विस्तार के साथ-साथ स्थानीय किसानों को आंवला, एलोविरा, अन्य औषधीय जड़ी बूटियां उगाने के लिए पतंजलि प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा फूड पार्क के माध्यम से पतंजलि हर छोटे स्थानीय उत्पादकों को भी बाजार उपलब्ध कराएगी।
यूनिट शुरू होने पर खुशी जताते हुए योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत की इस प्रोसेसिंग इकाई से जहां पतंजलि के स्वदेशी महाअभियान को नए पंख लगेंगे, वहीं स्थानीय किसानों के उत्पादों को समुचित मूल्य मिलेगा और उनके स्वाभिमानपूर्ण जीवन का मार्ग प्रशस्त होगा। रामदेेव ने कहा कि असम क्षेत्र में पतंजलि के इस प्रयोग से असम के लोगों का स्वास्थ्य संवर्द्धन होगा, किसानोें के जीवन में खुशहाली आएगी और हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।