नगर निगम में पंजीकृत फोटोग्राफरों ने हर की पैड़ी क्षेत्र में अवैध फोटोग्राफी बंद करने का मांग को लेकर नगर आयुक्त एवं सिटी मजिस्ट्रेट के सामने विरोध प्रकट किया। आरोप था कि अवैध रूप से फोटोग्राफी करने वाले उनके साथ गुंडागर्दी कर रहे हैं। लाइसेंस लेने के लिए नगर निगम में पंजीकरण कराने वालों को धमकी दी जा रही है। उन्होंने अवैध रूप से फोटोग्राफी करने वालों को हर की पैड़ी क्षेत्र से हटाने तथा उनके कैमरे जब्त करने की मांग की।
नगर आयुक्त अशोक पांडेय ने लाइसेंस लेने के लिए पंजीकरण कराने वाले फोटोग्राफरों को आश्वासन दिया कि हर की पैड़ी क्षेत्र में अवैध फोटोग्राफी नहीं होने दी जाएगी। उनके कैमरे जब्त करने का सख्त अभियान बृहस्पतिवार से ही शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम कर्मियों पर 200-200 रुपये लेकर जब्त कैमरे छोड़ने का आरोप भी लगाया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कैमरा जब्त करने की रसीद देने के निर्देश दिए। अवैध फोटोग्राफी का विरोध करने वालों में विमल कुमार, राजेश कुमार, चंद्रमोहन सचदेवा, राहुल शर्मा, अनुज कुमार, सुनील कुुमार व मनोज कुमार आदि पंजीकृत फोटोग्राफर शामिल थे।
गौरतलब है कि नगर निगम बोर्ड ने आय बढ़ाने के एक नए सोर्स के रूप में हर की पैड़ी क्षेत्र में फोटोग्राफी करने वाले फोटोग्राफरों को एक अप्रैल से वार्षिक लाइसेंस जारी करने का प्रस्ताव पारित कर रखा है। इसको लेकर फोटोग्राफर दो गुटों में बंट गए हैं। कुछ तो नगर निगम के लाइसेंस के साथ 15 रुपये के शुल्क का विरोध कर रहे हैं तो कुछ ने लाइसेंस लेने के लिए पंजीकरण कराना शुरू करा दिया है, जिसको लेकर दोनों पक्षों में रोज झगड़ा हो रहा है।