सिडकुल। उद्योग महानिदेशक और सिडकुल प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने बृहस्पतिवार को उद्यमियों की बैठक ली। उन्होंने सिडकुल में फायर स्टेशन, ओवरहेड टैंक और पंपिंग स्टेशन के निर्माण की घोषणा की। फायर स्टेशन के लिए पहले ही जमीन आवंटित हो चुकी है और जल्द ही अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर निर्माण कार्य शुरू होगा। सिडकुल में पेयजल समस्या के समाधान के लिए एक नया ओवरहेड टैंक और पंपिंग स्टेशन भी बनेगा।
प्रतीक जैन ने बताया कि सिडकुल में सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा और बारिश के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जल निकासी की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि उद्यमियों और कर्मचारियों को शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उद्यमियों के लिए फ्लैटेड फैक्ट्रियों के निर्माण की भी घोषणा की गई, जिस पर 190 करोड़ रुपये की लागत आएगी। फ्लैटेड फैक्ट्रियों का निर्माण सितंबर 2025 तक पूरा हो जाएगा और इसके लिए आवंटन प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। ये फैक्ट्रियां किराए पर उपलब्ध होंगी और इनमें सभी आवश्यक सुविधाएं होंगी।
बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों ने अपनी समस्याओं को महानिदेशक के समक्ष रखा। सिडकुल के महाप्रबंधक पूरण सिंह राणा, महाप्रबंधक प्लानिंग वाईएस पुंडीर, आरएम गिरधर सिंह रावत, मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरेंद्र गर्ग, महासचिव राज अरोड़ा, स्मॉल एंटरप्रेन्योर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हिमेश कपूर, महासचिव अनुज चौहान, बहादराबाद इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील पांडे, महासचिव आत्मा सिंह आदि मौजूद रहे।