पुलिस ने कंबल कारोबारी अमित दीक्षित हत्याकांड में गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा उर्फ डाक्टर को बी वारंट पर हरिद्वार जेल लाने की तैयारी कर ली है। हरिद्वार लाने के बाद रिमांड पर लेकर उससे हत्याकांड के संबंध में पूछताछ की जाएगी। इधर, शूटर मुजाहिद और पप्पू भी हत्थे नहीं चढ़ सके है।
निर्मला छावनी निवासी कंबल कारोबारी अमित दीक्षित उर्फ गोल्डी की घर के पास ही गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। हरिद्वार पुलिस ने हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए दावा किया था शूटरों के निशाने पर कनखल निवासी प्रापर्टी डीलर सुभाष सैनी था और वह उस दिन कंबल कारोबारी के घर से चंद कदम की दूरी पर अपने एक परिचित के घर पर ही मौजूद था। चूंकि, प्रापर्टी डीलर का हुलिया कंबल कारोबारी से मिलता जुलता होने से शूटरों ने कंबल कारोबारी को गलती से निशाना बना लिया था। हरिद्वार पुलिस ने स्थानीय कड़ी विक्की ठाकुर निवासी बद्रीबावला धर्मशाला बड़ी सब्जी मंडी को पकड़ा था, लेकिन शूटर मुजाहिद और पप्पू हाथ नहीं आ सके थे। पुलिस ने दावा किया था करोड़ों की भूमि के विवाद के चलते ही कुख्यात गैंगस्टर जीवा के इशारे पर ही प्रापर्टी डीलर सुभाष सैनी की हत्या का ताना-बाना बुना गया था।
हरिद्वार पुलिस ने मैनपुरी जेल पहुंचकर कुख्यात जीवा के बयान लिए थे। अब पुलिस उसे बी वारंट पर हरिद्वार जेल में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली है। कोतवाली प्रभारी अनिल जोशी ने बताया कि कोर्ट में इस बाबत प्रार्थनापत्र दिया गया है। शूटरों की तलाश में भी पुलिस सरगर्मी से जुटी है।