हरिद्वार। महिला मरीजों की सुविधा के लिए जिला महिला अस्पताल में लगाई गई लिफ्ट पिछले चार दिनों से खराब पड़ी हुई है। इससे महिला मरीजों को रैंप के सहारे अस्पताल प्रथम और दूसरे तल में आना जाना पड़ रहा है। गर्भवती महिला को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।
जिला महिला अस्पताल के प्रथम तल में लेबर रूम और दूसरे तल पर वार्ड है। जहां तक जाने के लिए महिला अस्पताल में दो लिफ्ट मशीन लगाई गई है। मशीन की मरम्मत के लिए जिला मशीन लगाने वाले कंपनी के साथ अनुबंध किया गया है लेकिन अनुबंध सितंबर माह में समाप्त होने के बाद से दोबारा अनुबंध नवीनीकरण नहीं किया गया है। मरम्मत के अभाव में पहले एक मशीन और चार दिन बाद दूसरी मशीन ने भी काम करना बंद कर दिया है। इससे प्रथम तल और दूसरे तल पर जाने वाले महिला मरीजों के साथ प्रसूता को रैंप के सहारे वार्ड में आना जाना पड़ रहा है। इससे गर्भवती महिलाओं को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।
जिला महिला अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. संदीप निगम ने बताया कि मशीन की मरम्मत की जिम्मेदारी लिफ्ट लगाने वाली कंपनी की है। मरम्मत के लिए वार्षिक अनुबंध समाप्त की अवधि समाप्त होने के बाद मशीन की मरम्मत नहीं हो पाई है। जल्द ही अनुबंध का नवीनीकरण कर मशीनों की मरम्मत कर लिफ्ट ठीक करवाई जाएगी।