हरिद्वार। जिला क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ हरिद्वार की ओर से आयोजित अंडर-19 जिला क्रिकेट लीग का फाइनल नवयुवक क्रिकेट एकेडमी रुड़की व प्रकाश स्पोर्ट्स एकेडमी के बीच खेला गया। प्रकाश स्पोर्ट्स एकेडमी ने क्रिकेट लीग जीत ली।
रविवार को साकेत सिद्धार्थ क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पीएसए ने 38.3 ओवर में 174 रन बनाए। इशांत स्वरूप 35, साकेत 29, जिशान ने 28 रनाें का योगदान किया। नवयुवक की तरफ से कुशविंदर सागवान 3, मोहम्मद शाद, आयुष राजपूत व कार्तिक ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवयुवक क्रिकेट एकेडमी रुड़की 26.1 ओवर में 102 रन पर आउट हो गई। पीएसए ने 72 रन से मैच जीत लिया। नवयुवक की तरफ से मोहम्मद शाह 37, मंथन कुमार ने 22 रन बनाए। पीएसए की तरफ से इशान स्वरूप, संदीप, लविश शर्मा, सनत खुराना ने 2-2 विकेट लिए।
मुख्य अतिथी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष डाॅ.गिरीश गोयल व सचिव महिम वर्मा, संरक्षक पीसी वर्मा, सीईओ मोहित डोभाल, काउंसलर सीएयू एसके गैरोला, योगेंद्र वाजपेयी ने विजेता, उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्राॅफी प्रदान की। ऑलराउंडर क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी पार्थ रावत को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, वीर शौर्य क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ी आकाश को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, लीग की विजेता बनी पीएसए के ऑलराउंडर इशान स्वरूप को मैन ऑफ द मैच, राइजिंग स्टार क्रिकेट एकेडमी के सिद्धार्थ तोमर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया। अंपायरिंग मंजीत व स्वतंत्र चौहान व स्कॉरिंग अंशुल बिष्ट ने की।
इस मौके पर सीएयू के फाउंडर मेंबर दीपक मेहरा, एमसी शाह, पीसी कोठारी, जिला क्रिकेट एसोसिएशन हरिद्वार के अध्यक्ष नीरज कुमार, सचिव इंद्रमोहन बड़थ्वाल, कुलदीप असवाल, अनिल खुराना, राहुल गुप्ता, कमल चमोली, अंकित, मोहित, धर्मवीर, जान आलम, देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।