- भट्टीपुर बिजलीघर क्षेत्र में अघोषित कटौती से लोगों में रोष, काम प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। भट्टीपुर स्थित बिजलीघर क्षेत्र में रविवार को दोपहर 12 बजे से शाम तीन बजे के बाद तक बिजली गुल रही। करीब तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से भीषण गर्मी में ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ी। बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई और लोगों के रोजमर्रा के काम अटक गए। अधिकारियों का कहना है कि हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर बिजली लाइन पर कार्य चलने के कारण आपूर्ति बंद रही।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। बिजली आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं है। कई बार दिन में लगातार कई-कई घंटे आपूर्ति बाधित रहती है। ग्रामीणों के मुताबिक 24 घंटे में करीब 15 से 16 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
मोहन सिंह, राजकुमार, बिशंबर सिंह, देशराज सैनी और विनोद कुमार आदि ने बताया कि बिजली कटौती के कारण घरेलू कामकाज के साथ ही किसानों और दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से विद्युत व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है।
भट्टीपुर बिजलीघर से जुड़े नसीरपुर कलां, शाहपुर शीतलाखेड़ा, शेरपुर, बादशाहपुर, भट्टीपुर, भोवापुर चमरावल, नई कुंडी, हरसीवाला, धारीवाला, टिकोला और रानीमाजरा समेत कई गांवों के लोग बिजली कटौती से परेशान हैं। ऊर्जा निगम के एसडीओ सचिन सचदेवा ने बताया कि रविवार को हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर बिजली लाइन पर कार्य चलने के कारण आपूर्ति बंद रही।