भगवानपुर की विधायक ममता राकेश के रुडकी स्थित घर से चोरी कर माल ले उड़े तीन शातिर शुक्रवार देर रात ज्वालापुर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ में सामने आया कि वे हरिद्वार रुडकी में चोरी की पांच घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। आरोपियों के कब्जे से चार एलईडी, एक घरेलू रसोई गैस सिलेंडर और चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं।
कोतवाली ज्वालापुर में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि देर रात कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने हरिलोक तिराहे पर मोटर साइकिल पर आ रहे तीन युवकों को रोक लिया। युवकों के संदिग्ध प्रतीत होने पर उनके कब्जे से मिली एलईडी के बारे में पूछा गया तो वे टूट गए।
युवकों ने बताया कि उन्होंने हरिद्वार रुडकी में चोरी की पांच घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर हरिलोक कालोनी में किराये के घर से एलईडी, एक घरेलू गैस सिलेंडर और चोदी के जेवरात बरामद किए। एसपी देहात के अनुसार चोरों के नाम रोहित गिरि, मोहित गिरि पुत्रगण श्यामसुंदर गिरि निवासीगण रहमतपुर पिरान कलियर रुडकी एवं दीपक पुत्र ब्रह्मसेवक निवासी नैनसंड मुगराबादशाह जौनपुर यूपी हाल निवासी हरिलोक कालेनी बताए। बताया कि दीपक पूर्व में भी चोरी के दो मामलों में जेल जा चुका है। एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों ने कांग्रेस विधायक ममता राकेश, ऋषिकेश के आईडीपीएल में रहने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना के भाई शगुन खन्ना, संजय कुकरेती निवासी आदर्श नगर ज्वालापुर, रविंद्र निवासी मधुविहार कालोनी, रविकांत कश्यप निवासी जगजीतपुर के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, एसएसआई जगमोहन रमोला, एएसआई प्रदीप मालिक मौजूद रहे।
डेयरी चला रहे भाइयों को बनाया चोर
डेयरी चलाने वाले सगे भाइयों को चोरी की राह उनके नौकर रहे दीपक ने दिखाई। दीपक ने ही उन्हें कम समय में अमीर बनने का ख्वाब दिखाया और अपने साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में शामिल कर लिया।