हरिद्वार। पिछले दिनों मंगलौर और लंढौरा कस्बे से आतंकवादियों से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किए गए चार युवकों में से दो ओसामा और अखलाकुर रहमान को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम बुधवार की शाम रुड़की के बाद हरिद्वार लेकर पहुंची। बाद में मेला आईजी जीएस मर्तालिया से भी दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने मुलाकात की तथा युवकों के द्वारा दी गई जानकारी के बारे में बताया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस दौरान दोनों युवकों ने पुलिस को आतंक का वह पूरा मैप दिखाया जहां वे आतंक फैलाना चाहते थे। हरकी पैडी के मुख्य पुल के अलावा मालवीय द्वीप, संजय पुल, शिव सेतु आदि के भी दोनों युवक पुलिस को ले गए। पुलिस के अनुसार दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे जिनके आधार पर यह जानने का प्रयास किया गया कि क्या उनकी गतिविधि कैमरे में भी कैद हुई है जिसमें इन दोनों आतंकवादियों ने हरकी पैडी और हरिद्वार रेलवे स्टेशन की रैकी की थी। काफी देर तक पुलिस दोनों युवकों को हरकी पैडी, हरिद्वार रेलवे स्टेशन और केंद्रीय कुंभ मेला नियंत्रण केंद्र में लेकर घूमती रही। मेला प्रभारी आईजी जीएस मर्तालिया ने बताया कि रुड़की के बाद दिल्ली पुलिस दोनों सयुवकों को यहां लेकर आई थी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में वे सभी स्थान बताए जहां रेकी की गई थी। उन्होंने जो भी बातें बताई उनके आधार पर जांच की जा रही है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा के प्रभावी प्रबंध किए गए हैं।