पथरी क्षेत्र में शराब बनाने वाले उपकरण को नष्ट करती टीम । संवाद
- फोटो : katra news
पथरी। दीपावली पर्व को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर पथरी पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की जिसमें ड्रोन की सहायता भी ली गई। इस दौरान मौके पर ही 3000 लीटर लाहन और शराब बनाने की भट्टियों को नष्ट कर दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से कच्ची शराब के अवैध धंधे में शामिल लोगों में अफरातफरी मची रही।
थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिनारपुर और डेरा सहित अन्य क्षेत्रों के जंगलों और खेतों के बीच, नालों के पास अवैध कच्ची शराब बनाने के ठिकानों पर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान ड्रोन की मदद से जंगलों और खेतों के बीच नालों के पास बनी अवैध भट्टियों को देखा गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से कच्ची शराब बनाने का करीब 3000 लीटर लाहन नष्ट कर दिया। इसके अलावा अस्थायी भट्टियों को भी ध्वस्त किया गया। ड्रोन की सहायता से संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी ली गई ताकि कोई भी अवैध गतिविधि छूट न पाए।