हरिद्वार। लूट की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस पेट्रोल पंप और ज्वैलर्स के साथ बैठक करती रही और बदमाश कनखल में एक महिला दुकानदार के कानों से कुंडल झपट कर फरार हो गए। जाते समय लुटेरे थैले में रिफाइंड के पैकेट भी भरकर ले गए। मौके पर आई पुलिस लुटेरों की घेराबंदी के बजाय सीसीटीवी कैमरे में लुटेरों की तस्वीर ढूंढने की लकीर पीटती रही।
कनखल थाना रोड पर बंगाली मोड़ निवासी ब्रजभूषण की भावना प्रोविजन स्टोर से किरयाना की दुकान है। बृहस्पतिवार को पूर्वाह्रन 11.30 बजे ब्रजभूषण दुकान पर पत्नी सुनीता को छोड़कर खाना खाने घर चले गए। इसी बीच बाइक पर दो युवक आए। इनमें से एक युवक बाइक पर बाहर बैठा रहा, जबकि दूसरा रिफाइंड तेल लेने के बहाने दुकान के अंदर चला गया। युवक के कहने पर सुनीता जैसे ही रिफाइंड तेल के पैकेट उठाने के लिए दूसरी तरफ मुड़ी तो युवक ने पीछे से झपट्टा मारकर एक कान से कुंडल छीन लिया। आरोपी एक थैले में रिफाइंड तेल के कई सारे पैकेट भर लिए। दूसरे ग्राहक को दुकान के अंदर आता देख लुटेरा बाहर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया।
बदहवाश सुनीता ने कुछ देर बाद शोर मचाया तो मौके पर काफी लोगों का जमावड़ा हो गया। सूचना पाकर कनखल पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस पीड़ित महिला से बातकर बदमाशों की टोह में लगने के बजाय सीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई। फुटेज देखने के बाद पता चला कि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि दूसरे ने मास्क से चेहरा ढक रखा था। सीओ सिटी भदाणे विशाखा अशोक ने भी कनखल पुलिस से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
--
आंखों के सामने छा गया था अंधेरा
लूट का शिकार हुई सुनीता का कहना है कि अप्रत्याशित हमले से एक बार को उसके आंखों के सामने अंधेरा छा गया था। महिला ने बताया कि वह बदमाशों के इरादे को भांप नहीं पाई। अचानक हमले से वह बेहद घबरा गई थी।
-----------
महिला से कुंडल छीनकर भागे बाइक सवार दोनों बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए अलग से टीम बनाई है। पुलिस सीसीटीवी की मदद से लुटेरों की पहचान में जुटी है। पुलिस को चौराहों और गलियों में नियमित चेकिंग करने को कहा गया है, ताकि संदिग्धों की धरपकड़ की जा सके।
-भदाणे विशाखा अशोक, सीओ सिटी।
-------------
थाने में देंगी धरना
जिला कामगार सेना की प्रदेश अध्यक्ष रेखा वाल्मीकि ने कहा कि कनखल क्षेत्र में लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। पुलिस के आकस्मिक चेकिंग ना करने की वजह से असामाजिक तत्वों की सक्रियता बढ़ रही है। ऐसे में आम लोग खुद को असुरक्षित समझ रहे हैं। यदि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वह थाने के बाहर बेमियादी धरना शुरू करेंगी।
---------
पर्यावरण जन जागरण समिति की अध्यक्ष शीतल चंचल का कहना है कि महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। बंगाली मोड़ के पास महिला के कुंडल छीनने की घटना इसका ताजा उदाहरण है। यदि पुलिस ने समय रहते असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की तो महिलाओं को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पडे़गा।
---
गृहणी सीमा अरोरा का कहना है कि अनलॉक के बाद बढ़ते अपराधों के कारण बाजार जाते हुए भी डर लगने लगा है। कनखल में एक साथ कई घटनाएं हो चुकी है। शाम के समय चौराहों और गलियों में बाइक सवारों का जमावड़ा रहता है। इस तरह के लोग शोर मचाते हुए तेज आवाज में हार्न बजाकर चलते हैं।
------
स्माइल फाउंडेशन से जुड़ी काजल का कहना है कि पुलिस सिर्फ सीसीटीवी और सर्विलांस के भरोसे है। रूटीन में चौराहों पर संदिग्धों की धरपकड़ को अब चेकिंग नहीं होती है। कोरोना काल में तो दिक्कत और बढ़ गई हैं। थाना और चौकी पर कोई सुनने वाला नहीं है।