हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र में मायापुर तुलसी चौक के पास गंगा घाट किनारे मां के साथ सोते समय दो साल की बच्ची का अपहरण करने वाले आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। सीसीटीवी कैमरों से आरोपी को चिह्नित कर रही टीमें रेलवे स्टेशन, बस अड्डे सहित अन्य जगहों पर खोजबीन भी कर रही हैं। अभी आरोपी का कोई खास सुराग नहीं लगा है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात तुलसी चौक के पास से भिक्षावृत्ति कर जीवन यापन करने वाली हरदोई जिले की एक महिला की दो साल की बच्ची साथ में सो रही थी। रात के अंधेरे में अज्ञात व्यक्ति बच्ची को उठाकर ले गया था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और खोजबीन शुरू की गई।
कैमरों में एक संदिग्ध बच्ची को ले जाते दिखाई दिया तो उसकी तलाश तेज की। पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी बच्ची को छोड़कर फरार हो गया था। शुक्रवार दोपहर बच्ची ऋषिकुल चौक के पास सड़क किनारे से मिल गई थी। शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि अपहरण के आरोपी की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी से चिह्नित कर धरपकड़ शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।