हाईप्रोफाइल कंबल कारोबारी अमित दीक्षित उर्फ गोल्डी हत्याकांड के खुलासे के लिए हरिद्वार पुलिस ने मुंबई में डेरा डाला हुआ है। रुड़की के प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल को भी विशेष तौर पर हत्याकांड के खुलासे में सहयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुंबई के अलावा दिल्ली और वेस्ट यूपी में भी दो टीम तहकीकात में जुटी है।
शहर की निर्मला छावनी कालोनी में छह मार्च को कंबल कारोबारी अमित दीक्षित की घर से फलांग भर की दूरी पर हत्या कर दी गई थी। मोटरसाइकिल पर सवार रहे तीन शूटर फरार होने में कामयाब रहे थे। हाईप्रोफाइल हत्याकांड का दबाव पुलिस पर खासा बना हुआ है। पुलिस की जांच हत्याकांड के पहले ही दिन से संपत्ति विवाद पर आकर ठहरी हुई है। पुलिस सूत्रों की माने तो संपत्ति विवाद को लेकर कुछ क्लू पुलिस को मिले भी हैं और पुलिस उसी दिशा में ही कार्य कर रही है। मृतक के करीबी रिश्तेदार मुंबई में ही हैं और उसी से ही संपत्ति विवाद चला आ रहा था। लिहाजा, उस बिंदु पर जांच में जुटी पुलिस की एक टीम ने मुंबई में पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। मुंबई के अलावा सहारनपुर और दिल्ली में भी पुलिस अपने नेटवर्क के बूते हत्याकांड के खुलासे को लेकर कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आला पुलिस अफसर दबी जुबां में हाईप्रोफाइल हत्याकांड के जल्द खुलासे का दावा भी कर रहे है। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि हत्याकांड का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।