बीडी इंटर कॉलेज की जमीन को फर्जी तरीके से बेचने के चर्चित मामले में फरार दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कर उन्हें कोर्ट में हाजिर होने की चेतावनी दी है।
23 मार्च 2026 को सुधीर त्यागी की शिकायत पर दुष्यंत त्यागी और संस्था के अन्य सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए अब एसएसपी भुल्लर के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई। प्रकरण के आरोपी दुष्यंत त्यागी और मुर्सलीन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब मामले में फरार चल रहे बाबूराम निवासी खजुरी, झबरेड़ा और महेंद्र सिंह निवासी रूहलकी, भगवानपुर लगातार गिरफ्तारी से बच रहे हैं। सोमवार को कोर्ट के आदेश पर फरार दोनों आरोपियों के लिए उद्घोषणा की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी है और कानून से बचने वालों को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।