पथरी। पुलिस ने गैंग लीडर भूरा उर्फ बबलू समेत तीन गैंगस्टर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। भूरा उर्फ बबलू इससे पहले भी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोह नदी के पुल पर मौजूद तीन संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए रोका। पुलिस को देख भागने का प्रयास कर रहे तीनों संदिग्ध को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों संदिग्ध आपराधिक गैंग से ताल्लुक रखते हैं। इनमें गैंग लीडर भूरा उर्फ बबलू व उसके साथी इकलाख व राशिद निवासीगण इब्राहिमपुर पथरी शामिल है। इनमें से भूरा उर्फ बबलू को वर्ष 2025 में पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, एसएसआई उपेंद्र सिंह, एसआई बबलू चौहान आदि शामिल रहे।