हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले में सफाई व्यवस्था को ठेके पर देना कनखल क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। पिछले एक पखवाड़े से क्षेत्र में सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कूड़ा फैला हुआ है। दुर्गंध से परेशान क्षेत्रवासी कांग्रेसी नेताओं के नेतृत्व में सोमवार को प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतर आए । चौक बाजार में धरना देते हुए उन्होंने सफाई व्यवस्था ठीक कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री के ओएसडी पुरुषोत्तम शर्मा और अपर मेलाधिकारी अवधेश ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद चौक बाजार और आसपास सफाई कर्मचारी लगाकर सफाई भी कराई है।
अर्द्धकुंभ मेला क्षेत्र में सफाई का काम ठेके पर दिया गया है। कनखल क्षेत्र में सफाई कराने की जिम्मेदारी स्पर्श गंगा एजेंसी के पास है लेकिन क्षेत्र में पिछले एक पखवाड़े से नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही थी। गंदगी के ढेर जगह-जगह पड़े हैं। नालों की सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। सोमवार को पार्षदों और कांग्रेसी नेताओं के नेतृत्व में कनखल के लोग सड़कों पर उतर आए। कनखल चौक बाजार में धरना दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि ठेका लेने वाली एजेंसी पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मी भर्ती नहीं कर रही है।
धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष उपेंद्र कुमार, पार्षद पति भूपेंद्र कुमार और अशोक शर्मा, स्वामी ऋषिश्वरानंद, नितिन तेश्वर, नीरव साहू, उपेंद्र कुमार, हिमांशु बहुगुणा, रवि बाबू शर्मा, अनिल चौधरी, बबली देवी, शीला चंचल, सुशीला वैद्य, तारा देवी, लक्ष्मी चुटेला, रजनी देवी, सुषमा देवी, भूपेंद्र छाछर, आशीष चौधरी, भारत तनेजा, तरुण नैयर, अमन गर्ग, दीपक जखमोला, संदीप जाटव, महेंद्र अरोड़ा, सुरेश तेश्वर, राजेश शर्मा, जगदीश अत्री, रामकिशन गोयल, पराग चाकलान, श्रीकिशन लोधी, राधेश्याम प्रजापति, जितिन पेवल, विशेष, रवि घाघट, अनुरोध चंचल, तरुण व्यास, दीपक पांडे, अमित ठाकुर विजय मखीजा, अंकित कुमार, नीशू, राहुल पाठक, अभिषेक, मन्नू शर्मा और राहुल चौहान आदि शामिल थे।