- आज भी सुबह 10 से शाम चार बजे तक रहेगा शटडाउन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर द्वितीय सब डिवीजन में मंगलवार को दिनभर बिजली की आंख-मिचौली से लोग परेशान रहे। सुबह से अलग-अलग समय पर छोटे-छोटे शटडाउन लिए जाते रहे। इसके बाद शाम चार बजे से छह बजे तक लगातार बिजली बंद रही। ऐसे में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
मंगलवार को सुबह से ही बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में परेशानी हुई। दोपहर बाद स्थिति और बिगड़ गई। शाम चार बजे से छह बजे तक बिजली बंद रहने से दुकानों पर भी असर पड़ा। खासकर डेयरी, सैलून और इलेक्ट्रिकल सामान का कारोबार करने वाले दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ी। बिजली नहीं होने के कारण कई दुकानों पर काम रुका रहा और कुछ ग्राहकों को भी लौटना पड़ा।
मोहल्ला कोटरवान, मंडी का कुआं, कैतवाड़ा, बकरा मार्केट, अंसारी मार्केट, गांधी मार्केट, जामा मस्जिद क्षेत्र, अहबाबनगर, पुरानी बकरा मार्केट, तेलियान और कड़च्छ समेत आसपास के इलाकों में लोग परेशान रहे। बुधवार को भी सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। लगातार दूसरे दिन लंबे शटडाउन की सूचना से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है। वहीं, अधिशासी अभियंता रवि कुमार का कहना है कि मरम्मत के कार्य किए जा रहे हैं।