हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात फैक्टरी कर्मचारी का मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक लोगों ने पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी लाइक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मोहित कुमार निवासी राजूपुरा थाना देवबंद सहारनपुर सिडकुल स्थित मुन्जाल ऑटो कंपनी में ड्यूटी करने के बाद शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे पेट्रोल पंप से राजा बिस्कुट की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान वह मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी पीछे से आए एक युवक ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और भागने लगा। मोहित कुमार ने शोर मचाया, इस पर आसपास मौजूद कुछ युवकों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा कर पकड़ लिया।
सूचना पर कंपनी के इंजीनियर विनय कुमार भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उसे पकड़कर सिडकुल थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि आरोपी लाइक निवासी ग्राम भिकी थाना नई मंडी जिला मुजफ्फरनगर यूपी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।