लालढांग। लालढांग बाजार में पशु चिकित्सालय के सामने पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर पानी भरा रहता है। इससे आने-जाने वालों को परेशानी होती है।
लोक निर्माण विभाग से पानी की निकासी की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का हल नहीं हो रहा है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क बनाते समय पानी की निकासी के लिए नाली नहीं बनाई है। कुछ समय पहले इस जगह पर गड्ढे व सड़क क्षतिग्रस्त थे लोनिवि की ओर से सड़क को ऊंचा कर इंटरलॉकिंग कर दी गई।
बरसात में जल भराव की स्थिति बन जाती है। सड़क में पानी भरा होने से वाहन, दोपहिया वाहनों के निकलने पर पैदल चलने वालों पर छींटे पड़ते हैं। वहीं, सड़क से सटी दुकानों में भी पानी के छींटे जा रहे हैं। गंदे पानी में मच्छर भी पनप रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने की संभावना बनी हुई है। चंद्रपाल सिंह, रजनी देवी, महानंद सिंह आदि ने पानी की निकासी की मांग की है। संवाद