हरिद्वार। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार
को बाबा रामदेव की पतंजलि योगपीठ बहादराबाद से गाय के दूध से बने घी के
अलग-अलग बैच के दो सैंपल भरे हैं। दोनों सैंपलों को सील कर जांच के लिए
रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने इसे
रूटीन जांच की कार्रवाई बताया है।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जिला
खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी टीम के साथ बहादराबाद स्थित पतंजलि
योगपीठ फेज सेकेंड में पहुंचे। इस फेज में गाय के दूध से देशी घी बनाया
जाता है। महिमानंद जोशी ने बताया कि यहां से पतंजलि देशी घी के दो सैंपल
लिए गए हैं। दोनों सैंपल अलग-अलग बैच के हैं। इन्हें सील कर जांच के लिए
रुद्रपुर लैब भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने
के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले दिसंबर के द्वितीय सप्ताह में
सिडकुल स्थित फैक्ट्री से पतंजलि नूडल्स के दो सैंपल भरे गए थे। जिला खाद्य
सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अभी नूडल्स के सैंपल की रिपोर्ट नहीं आई है।
उधर, राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पतंजलि के उत्पाद की सैंपलिंग
राज्य सरकार के दबाव में करवाई जा रही है।