लक्सर। केहड़ा गंाव में दो दिन से गुलदार देखा जा रहा है। जिसके चलते केहड़ा गांव के साथ आसपास के गांव के ग्रामीण भी दहशत में है।
गुलदार की सूचना पर वन विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर छानबीन की लेकिन गुलदार का कोई पता नहीं चल पाया।
केहड़ा गांव निवासी पूर्व प्रधान समय सिंह, धर्मपाल, राजपाल ने रविवार की शाम गुलदार को खेतों में गीदड़ के पीछे शिकार के लिए भागते देखा था।
जिस पर इन लोगों ने गांव में आकर इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों के साथ साथ ग्राम प्रधान ओमप्रकाश को दी। इसके बाद ग्राम प्रधान ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया और कुछ ग्रामीण गुलदार की खोज में निकल गए। सूचना पर वन विभाग के दरोगा जातिराम ने टीम के साथ आसपास के जंगल में भी गुलदार की तलाश की।
वनविभाग के दरोगा जातिराम ने बताया कि ग्रामीणों ने जिस स्थान पर गुलदार के देखने की सूचना दी थी। जंगल के उन स्थानों पर गुलदार के पंजों के निशान मिले हैं। लेकिन अभी तक गुलदार का कोई सुराग नहीं मिल सका है। जातिराम ने बताया कि गुलदार पथरी के जंगल से निकलकर आ गया होगा। जिसकी तलाश की जा रही है। गांव के जंगल में गुलदार के होने की बात सुनकर ग्रामीण दहशत में है।